रांची। पुणे में आयोजित 16वीं इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2026 में झारखंड की टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। 13 से 23 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में झारखंड को चिर प्रतिद्वंद्वी हरियाणा के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ झारखंड की टीम लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने से चूक गई। वहीं, हरियाणा ने 2025 के फाइनल में झारखंड से मिली हार का हिसाब चुकाते हुए इस बार ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फाइनल मुकाबले में झारखंड ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की और दूसरे क्वार्टर के 19वें मिनट में सरोज मुंडरी ने शानदार फील्ड गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। झारखंड की बढ़त ज्यादा देर कायम नहीं रह सकी। चार मिनट बाद 23वें मिनट में हरियाणा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
मध्यांतर के बाद मुकाबला और रोमांचक हो गया। 42वें मिनट में हरियाणा ने दूसरा गोल कर 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद झारखंड की खिलाड़ियों ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए और कई अच्छे मौके बनाए, लेकिन हरियाणा की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उन्हें सफलता नहीं मिली। निर्धारित समय तक स्कोर 2-1 रहने के कारण हरियाणा ने खिताब अपने नाम किया और झारखंड को उपविजेता बनकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
जूनियर महिला हॉकी में झारखंड का दबदबा
खिताब से चूकने के बावजूद झारखंड की जूनियर महिला हॉकी टीम का राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। झारखंड की टीम 2018 से लगातार राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच रही है। इस दौरान टीम ने 2018, 2019, 2024 और 2025 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है, जबकि अन्य वर्षों में उपविजेता रही है।
झारखंड की टीम वर्ष 2011 से लगातार राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में पदक जीतती आ रही है। 2026 में भी फाइनल तक पहुंचकर टीम ने रजत पदक हासिल किया। यह उपलब्धि राज्य में महिला हॉकी की मजबूत परंपरा, निरंतरता और उभरती प्रतिभाओं को दर्शाती है।
रजत पदक जीतने वाली झारखंड टीम को खेल निदेशक छवि रंजन, हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महासचिव मनोज कोनबेगी, कोषाध्यक्ष असरीता लकड़ा, महानिदेशक विजय शंकर सहित अन्य पदाधिकारियों ने बधाई दी। अशोक भगत, अरविंद सिंह, चंद्र्यानी मजूमदार, माइकल लाल, धर्मेंद्र सिंह, सुरजीत झा, दुलारी टोपनो, गुरमित सिंह राव और झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार ने भी टीम के प्रदर्शन की सराहना की।
टीम में शामिल खिलाड़ी और प्रशिक्षक
झारखंड टीम में गंगी बरला, सोनाली तिर्की, सरोज कुमारी, जिरेन सोय, एस्थर होरो, संगीता कुमारी, अनीषा कुल्लू, सलोमी नाग, गुलजन कुमारी, रजनी केरकेट्टा, पुष्पा डांग, अनुप्रिया सोरेंग, रीना कुल्लू, स्वीटी डुंगडुंग, सरोज मुंडरी, सुकरमनी मुंडू, लियोनी हेमरोम और जमुना कुमारी शामिल रहीं। टीम के मुख्य कोच विकास पंत, सहायक कोच अभिषेक कुमार, मैनेजर दिव्या डुंगडुंग और फिजियो स्वीटी खातून रहे।
