रांची। झारखंड में पिछले एक सप्ताह के दौरान मानसून सक्रिय होने से वर्षा की स्थिति में सुधार हुआ है। इसके बावजूद एक जून से आठ जुलाई तक राज्य में सामान्य से 34 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इससे पहले दो जुलाई तक वर्षा की कमी 46 प्रतिशत थी। हालिया अच्छी बारिश से वर्षा का घाटा कम हुआ है और कृषि कार्यों में भी तेजी आई है।
रांची में बेहतर, गोड्डा और गढ़वा में सबसे कम बारिश
राजधानी रांची में सामान्य 273.2 मिलीमीटर के मुकाबले 259.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से केवल पांच प्रतिशत कम है। वहीं गोड्डा जिले में सामान्य 239.8 मिलीमीटर के मुकाबले सिर्फ 52.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। गढ़वा में सामान्य 197.1 मिलीमीटर के मुकाबले केवल 56.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 75 प्रतिशत कम है। इसके अलावा चतरा, कोडरमा, पाकुड़, लोहरदगा और देवघर में भी सामान्य से काफी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग ने 12 जुलाई को राज्य के मध्यवर्ती और उत्तर-पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों में राज्य में सर्वाधिक 29 मिलीमीटर वर्षा लोहरदगा में दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 32.9 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 21.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बुधवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे, हालांकि दिनभर बारिश नहीं हुई। राजधानी में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री, डाल्टनगंज का अधिकतम 32.5 डिग्री और न्यूनतम 26.3 डिग्री, बोकारो का अधिकतम 32.1 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री तथा चाईबासा का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
