हजारीबाग। बड़कागांव प्रखंड के ग्रामीणों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन ने गोंदुलपारा खनन परियोजना के तहत कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के अंतर्गत चार गांवों में सोलर हाई मास्ट लाइटें स्थापित की हैं। होरम, मरदुसोटी, पुंदौल और चंदौल गांव के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर लगाई गई इन लाइटों से रात के समय आवागमन सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है।
रात में बढ़ी सुरक्षा, ग्रामीणों ने जताई खुशी
ग्रामीणों ने बताया कि पहले शाम होते ही सड़कें, चौक-चौराहे और सार्वजनिक स्थल अंधेरे में डूब जाते थे, जिससे आवाजाही में काफी परेशानी होती थी। अब पर्याप्त रोशनी मिलने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष राहत मिली है। मंदिर परिसर, चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर लगी सोलर हाई मास्ट लाइटों से सुरक्षा की भावना भी मजबूत हुई है और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है।
सौर ऊर्जा आधारित यह व्यवस्था ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इससे स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
अदाणी फाउंडेशन गोंदुलपारा खनन परियोजना के माध्यम से बड़कागांव प्रखंड में कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन, पेयजल, आधारभूत संरचना विकास, खेल एवं युवा विकास तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है। फाउंडेशन का उद्देश्य स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर में सुधार लाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और सतत विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
