पश्चिमी सिंहभूम। झींकपानी थाना क्षेत्र के असुरा-हाथी मंडा रोड के पास करंट लगने से जान गंवाने वाले 25 वर्षीय आकाश कुमार के परिजनों को जल्द मुआवजा मिलने की उम्मीद है। बुधवार को नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश और वार्ड पार्षद धर्मवीर पासवान ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम राणा को पीड़ित परिवार से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज सौंप दिए।
पांच लाख रुपये की सहायता राशि मिलेगी
मधु बाजार झोपड़ बस्ती निवासी आकाश कुमार की 12 अप्रैल 2026 को करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रहा है। अब मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द सरकारी सहायता मिल सके, इसके लिए सभी जरूरी दस्तावेज विभाग को उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र सहायता राशि जारी करेगा।
वार्ड पार्षद धर्मवीर पासवान ने बताया कि घटना के बाद से ही वह मृतक के परिवार के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि कठिन समय से गुजर रहे परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए और इस दिशा में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम राणा ने बताया कि दस्तावेज मिलने के बाद विभाग नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करेगा। सभी औपचारिकताएं पूरी होने पर मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की जाएगी। विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि 12 अप्रैल 2026 को असुरा-हाथी मंडा रोड के पास करंट लगने से आकाश कुमार की मौत हो गई थी। मुआवजा प्रक्रिया में तेजी आने से अब पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
