नालंदा। बिहारशरीफ-दनियावां मुख्य मार्ग पर गुरुवार तड़के दो ट्रकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दोनों चालक घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कई घंटे की मशक्कत के बाद हटवाकर यातायात बहाल कराया।
झपकी आने से हादसे की आशंका
हादसा नूरसराय थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक तिलैया से फतुहा की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक बिहारशरीफ की ओर से आ रहा था। आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ट्रक दूसरे के ऊपर चढ़ गया। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
सूचना मिलते ही नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों चालकों को क्षतिग्रस्त ट्रकों से बाहर निकालकर नूरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दोनों घायलों का इलाज जारी है।
क्रेन से हटाए गए ट्रक, बहाल हुआ यातायात
हादसे के कारण बिहारशरीफ-दनियावां मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
नूरसराय थाना के एएसआई शंभू कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। वहीं, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
