26.9 C
Kolkata
Monday, July 13, 2026

पटना मेट्रो का विस्तार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मलाही पकड़ी स्टेशन का किया उद्घाटन

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना मेट्रो के मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन कर मेट्रो सेवा का विस्तार भूतनाथ रोड स्टेशन तक कर दिया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री स्वयं मेट्रो ट्रेन से मलाही पकड़ी से भूतनाथ रोड स्टेशन तक पहुंचे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी उनके साथ मौजूद रहे।

चार स्टेशनों तक पहुंची मेट्रो सेवा

मलाही पकड़ी और भूतनाथ रोड स्टेशन के बीच करीब तीन किलोमीटर की दूरी है। लंबे समय से इस स्टेशन के शुरू होने का इंतजार कर रहे स्थानीय लोगों को अब मेट्रो सेवा का लाभ मिलेगा। इस विस्तार के बाद इस कॉरिडोर पर मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरो माइल और बैरिया आईएसबीटी सहित कुल चार स्टेशन संचालित हो गए हैं।

16 मिनट में तय होगी 6.2 किलोमीटर की दूरी

मलाही पकड़ी से बैरिया आईएसबीटी तक 6.2 किलोमीटर का सफर अब महज 16 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। मेट्रो सेवा सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक प्रत्येक 35 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेगी। फिलहाल इस रूट पर एक ही मेट्रो ट्रेन का संचालन किया जाएगा।

इस रूट पर मलाही पकड़ी से बैरिया आईएसबीटी तक अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। मेट्रो विस्तार से कंकड़बाग, राजेंद्रनगर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्टेशन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस विस्तार के साथ पटना मेट्रो की पहुंच शहर के प्रमुख आवासीय क्षेत्रों तक और मजबूत हो गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख