मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
तेज रफ्तार बस ट्रेलर से टकराई
पुलिस अधीक्षक (देहात) सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि गोला बस सर्विस की वोल्वो बस लखनऊ से 65 यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 3:41 बजे थाना राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 112-113 के बीच बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। रेस्क्यू टीम ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
चार लोगों की मौत, कई की हालत गंभीर
हादसे में बस चालक उपदेश यादव (मैनपुरी), खुर्शीद (उन्नाव), मुबारिक (कासिमपुर) और हरिओम (अमेठी) की मौत हो गई। वहीं 19 घायल यात्रियों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने अथवा तेज रफ्तार को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। वहीं शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि हादसे के समय नियमित चालक के बजाय कंडक्टर बस चला रहा था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हादसे के बाद हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यमुना एक्सप्रेस-वे पर यातायात सामान्य कर दिया गया है।
