35.4 C
Kolkata
Tuesday, June 30, 2026

अयोध्या में अजय राय को रोके जाने पर कांग्रेस का हमला, राम मंदिर प्रकरण में दोषियों को बचाने का लगाया आरोप

नई दिल्ली। अयोध्या में कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और पार्टी प्रतिनिधिमंडल को रोके जाने के बाद कांग्रेस ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा और भूमि अनियमितता के मामलों में दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय विपक्षी नेताओं को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

जयराम रमेश ने उठाए सवाल

कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी से पूरा देश व्यथित है। उन्होंने दावा किया कि देशवासियों के दबाव के बाद विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट आने पर प्राथमिकी दर्ज की गई, लेकिन अब तक मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए जा रहे कांग्रेस नेताओं को अयोध्या में रोकना और कथित तौर पर हाउस अरेस्ट करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उनके अनुसार, देश दोषियों के खिलाफ कार्रवाई चाहता है और उन्हें बचाने वाले भी समान रूप से जिम्मेदार हैं।

अजय राय ने भी सरकार पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल 30 जून को प्रभु श्रीराम के दर्शन-पूजन और तथ्यों की जानकारी लेने के लिए अयोध्या जा रहा था, लेकिन वहां पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर वाहन में बैठा लिया।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सब कुछ पारदर्शी है तो राम भक्तों और विपक्षी नेताओं के अयोध्या आने से सरकार को डर क्यों है।

नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का था कार्यक्रम

अजय राय के नेतृत्व में सांसद तनुज पुनिया, किशोरी लाल शर्मा, राकेश राठौर, उज्ज्वल रमण सिंह, विधायक वीरेंद्र चौधरी सहित नौ सदस्यीय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का अयोध्या जाने का कार्यक्रम था।

Related Articles

नवीनतम लेख