रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल और मार्गदर्शन में झारखंड सरकार ने राज्य के वरिष्ठ, गंभीर रूप से बीमार एवं स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकारों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “मासिक निवृत्तिका (कलाकार पेंशन) योजना” को मंजूरी दे दी है। योजना के तहत पात्र कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
हर माह मिलेगी 4 हजार रुपये की सम्मान राशि
रांची। योजना के तहत चयनित कलाकारों को प्रतिमाह 4,000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थियों के आधार-संबद्ध बैंक खातों में सीधे भेजी जाएगी।
कला-संस्कृति विभाग के निदेशक आसिफ एकराम ने बताया कि यह योजना उम्र, गंभीर बीमारी या स्थायी दिव्यांगता के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे कलाकारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल कलाकारों के जीवनपर्यंत योगदान के प्रति राज्य सरकार के सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।
योजना की प्रमुख विशेषताएं
- पात्र कलाकारों को 4,000 रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता।
- राशि सीधे बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी।
- कलाकारों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से योजना लागू की गई है।
- आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है।
ये कलाकार कर सकेंगे आवेदन
योजना के लिए झारखंड के मूल निवासी कलाकार आवेदन कर सकते हैं। इनमें वृद्ध कलाकार, गंभीर रूप से बीमार कलाकार, स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकार तथा संगीत, नृत्य, रंगमंच, लोककला, चित्रकला, मूर्तिकला एवं अन्य सांस्कृतिक विधाओं से जुड़े कलाकार शामिल हैं।
सरकार का मानना है कि यह योजना आर्थिक संकट से जूझ रहे कलाकारों को सम्मानजनक जीवन जीने में मदद करेगी और उनके योगदान को उचित पहचान भी दिलाएगी।
