रांची : फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की बिजनेस एक्सचेंज उप समिति की बैठक आज चैंबर भवन में हुई। बैठक का उद्देश्य चैंबर सदस्यों के बीच व्यापारिक नेटवर्क को सशक्त बनाना, आपसी सहयोग को बढ़ावा देना तथा नये व्यावसायिक अवसरों का सृजन करना था। बैठक के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने अपने-अपने व्यवसाय का परिचय दिया तथा एक-दूसरे के साथ संपर्क विवरण साझा किए। इस संवाद का सकारात्मक परिणाम तत्काल देखने को मिला, जब मौके पर ही कुछ व्यापारियों को नए व्यावसायिक ऑर्डर प्राप्त हुए। सदस्यों ने इस प्रकार की बैठकों को व्यापार विस्तार के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
बैठक में डिजिटल मार्केटिंग के बढ़ते महत्व को देखते हुए यह निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही चैंबर सदस्यों के लिए डिजिटल मार्केटिंग विषय पर एक विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला में डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यवसाय को बढ़ाने, ब्रांडिंग एवं ऑनलाइन मार्केटिंग के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी जाएगी। चैंबर उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने सदस्यों को एक-दूसरे के व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए अपने-अपने व्यापारिक फ्लायर आपस में साझा करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि इससे सदस्यों के बीच बेहतर हैंडहोल्डिंग होगी और व्यापारिक सहयोग को नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि जुलाई के प्रथम सप्ताह में आयोजित होने वाली अगली बैठक में झारखण्ड के सभी प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्षों को ऑनलाइन जोड़कर इस बिजनेस एक्सचेंज अभियान का राज्यव्यापी विस्तार किया जाएगा।
बिजनेस एक्सचेंज उप समिति के चेयरमैन अमित मिश्रा ने कहा कि चैंबर द्वारा सदस्यों के व्यवसाय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पधारो म्हारो प्रतिष्ठान अभियान शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने चैम्बर की इस पहल को व्यापारियों के बीच सहयोग और नए व्यावसायिक अवसरों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक में चैम्बर उपाध्यक्ष राम बांगड़, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, अमित शर्मा, उप समिति चेयरमैन अमित मिश्रा, सदस्य तेजविंदर सिंह, अविनाश सिंह, अमित मोदी, रमेश साहू, रमा शंकर, नूतन सरावगी, राजेश जयसवाल, रमन बगड़िया, रौनक टेकरीवाल, विशाल जैन, शशांक राज, दिलीप सिंह, ज्योति सिंह, प्रियंक भगत उपस्थित थे।
