रांची। दि इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा मई-2026 में आयोजित की गई सीए (फाइनल) परीक्षा का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में रांची केंद्र के विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। रांची से प्रखर आर्यन ने कुल 389 अंक हासिल कर शहर में पहला स्थान (सिटी टॉपर) प्राप्त किया है।
रांची केंद्र के टॉपर्स की सूची:
-
प्रथम स्थान (टॉपर): प्रखर आर्यन (389 अंक)
-
द्वितीय स्थान: आस्था मिमानी (372 अंक)
-
तृतीय स्थान: कृष जायसवाल (370 अंक)
-
चतुर्थ स्थान: विशेष गखर (342 अंक)
-
पंचम स्थान: विशेष जैन (330 अंक)
रांची केंद्र का रिजल्ट एनालिसिस
घोषित परिणाम के मुताबिक, रांची परीक्षा केंद्र से दोनों ग्रुपों में शामिल हुए कुल 89 परीक्षार्थियों में से 14 छात्र दोनों ग्रुप क्लियर करने में सफल रहे। इसके अलावा:
-
केवल द्वितीय ग्रुप में शामिल छात्रों में से 10 छात्र सफल रहे।
-
केवल प्रथम ग्रुप में शामिल 117 छात्रों में से 07 छात्रों को सफलता मिली।
-
केवल द्वितीय ग्रुप में शामिल 60 छात्रों में से 13 छात्रों ने परीक्षा पास की।
पटियाला के नूर सिंगला बने ऑल इंडिया टॉपर
राष्ट्रीय स्तर पर इस बार पटियाला के नूर सिंगला ने 600 में से 499 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR 1) हासिल की है। वहीं, हावड़ा के ऋतिज सर्राफ (475 अंक) दूसरे और मुंबई के सोहन अनिल मांजरेकर (473 अंक) तीसरे स्थान पर रहे। इस बार देश-विदेश के कुल 544 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई थी, जिसमें दोनों ग्रुप में बैठने वाले कुल 14.07 प्रतिशत छात्र सफल घोषित हुए हैं।
सफल अभ्यर्थियों को मिलीं बधाइयां
इस शानदार सफलता पर आईसीएआई रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन और सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए हरेन्दर भारती ने सभी सफल छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सीए देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक है और छात्रों का यह समर्पण समाज व राष्ट्र के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इसके साथ ही आईसीएआई के केंद्रीय अध्यक्ष सीए प्रसन्ना कुमार डी ने भी नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को प्रेरित करते हुए ईमानदारी, नैतिकता और प्रोफेशनलिज़्म के साथ देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
