नेशनल डेस्क । प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने यस बैंक घोटाले और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग (धन शोधन) मामले में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। ईडी की टीमों ने दिल्ली, मुंबई और खंडाला सहित देश के 17 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह पूरी कार्रवाई यस बैंक के एक लोन हस्तांतरण मामले में हुए कथित वित्तीय फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में की गई है।
जांच के दायरे में आई कई रियल्टी कंपनियां और प्रमोटर
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह छापेमारी मुख्य रूप से सुरक्षा एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (SARCL), सुरक्षा रियल्टी लिमिटेड और ख्याति रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड के कॉर्पोरेट परिसरों पर हुई है। जांच एजेंसी की टीमों ने इन कंपनियों के प्रमोटरों, निदेशकों (Directors) और मुख्य कर्मचारियों के आवासों व दफ्तरों पर भी दस्तावेज खंगाले। इसके साथ ही यस बैंक के एक पूर्व कर्मचारी के ठिकाने पर भी दबिश दी गई है।
लोन ट्रांसफर में गड़बड़ी का है आरोप
यह पूरा मामला यस बैंक द्वारा दिए गए भारी-भरकम लोन और बाद में उसके संदिग्ध हस्तांतरण (Loan Transfer) से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर लोन की राशि को शेल कंपनियों और रियल्टी फर्मों के जरिए इधर-उधर (Divert) किया गया, जो मनी लॉन्ड्रिंग के दायरे में आता है। ईडी इस छापेमारी के जरिए डिजिटल सबूत, बैंक खातों की जानकारी और संदिग्ध प्रॉपर्टी के दस्तावेजों को जब्त कर आगे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
