37.1 C
Kolkata
Tuesday, June 16, 2026

सरसंघचालक मोहन भागवत आज शाम पहुंचेंगे उदयपुर: महाराणा प्रताप जयंती और हल्दीघाटी विजय समारोह की राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को करेंगे संबोधित

उदयपुर (राजस्थान) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मंगलवार शाम को झीलों की नगरी उदयपुर पहुंच रहे हैं. वे बुधवार को यहां प्रताप गौरव केंद्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में आयोजित ‘महाराणा प्रताप जयंती’ और ‘हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुः शती समारोह’ के समापन पर होने वाली विशाल ‘राष्ट्र चेतना संकल्प सभा’ को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे. यह भव्य कार्यक्रम महाराणा भूपाल स्टेडियम (गांधी ग्राउंड) में आयोजित किया जा रहा है.

डॉ. मोहन भागवत का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना के अनुसार सरसंघचालक का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है:

  • मंगलवार शाम 7:30 बजे: दिल्ली से हवाई मार्ग द्वारा उदयपुर के महाराणा प्रताप एयरपोर्ट (डबोक) पहुंचेंगे.

  • मंगलवार रात 8:30 बजे: एयरपोर्ट से सीधे प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम वहीं करेंगे.

  • बुधवार सुबह: गौरव केंद्र के आंतरिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.

  • बुधवार दोपहर/शाम: गांधी ग्राउंड में आयोजित मुख्य ‘राष्ट्र चेतना संकल्प सभा’ को संबोधित करेंगे.

  • कार्यक्रम के बाद: सभा के बाद वे पुनः गौरव केंद्र लौटेंगे और वहां एक संक्षिप्त कार्यक्रम के बाद सीधे एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान कर मुंबई रवाना हो जाएंगे.

बाहरी शहरों से आने वाले वाहनों और आम जनता के लिए विशेष बसें

उदयपुर से बाहर के जिलों और शहरों से आने वाले वाहनों के लिए शहर के बाहरी छोर पर पार्किंग बनाई गई है, जहां से गांधी ग्राउंड तक आने-जाने के लिए बैनर लगी विशेष गाड़ियों (शटल सेवा) का इंतजाम किया गया है:

  1. फतह स्कूल प्रांगण (चारपहिया पार्किंग): यहां से विशेष वाहन कुम्हारों का भट्टा, दुर्गा नर्सरी रोड, शास्त्री सर्कल, कोठारी भवन, बंसी पान और एमजी कॉलेज होते हुए आकाशवाणी कार्यालय (आयोजन स्थल के पास) पहुंचेंगे.

  2. विद्या भवन, देवाली (चारपहिया पार्किंग): यहां से विशेष वाहन सहेलियों की बाड़ी और यूडीए (UDA) सर्कल होते हुए आकाशवाणी कार्यालय पहुंचेंगे.

उदयपुर शहर के स्थानीय प्रबुद्धजन और नागरिक भी गांधी ग्राउंड पहुंचने के लिए इन रूटों पर चलने वाले विशेष वाहनों का निःशुल्क उपयोग कर सकते हैं.

Related Articles

नवीनतम लेख