रामगढ़। गोला प्रखंड की लुकैया पंचायत स्थित रालीबेड़ा गांव में पेयजल संकट की सूचना मिलने के बाद उपायुक्त ऋतुराज ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर समस्या के समाधान का निर्देश दिया।
डीसी के निर्देश पर विभागीय तकनीकी टीम गांव पहुंची और खराब जलापूर्ति व्यवस्था की जांच की। पंचायत सचिव, मुखिया और कनीय अभियंता की निगरानी में तकनीकी खामियों को दूर किया गया। त्वरित मरम्मत कार्य के बाद चापाकल की जलापूर्ति व्यवस्था फिर से सुचारू कर दी गई।
ग्रामीणों को राहत देने भेजा गया पानी का टैंकर
जल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को तत्काल राहत देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पेयजल टैंकर भी उपलब्ध कराया गया। इससे गांव के लोगों को अस्थायी रूप से पेयजल की सुविधा मिल सकी।
स्थायी समाधान के लिए जल मीनार का सर्वे
समस्या के स्थायी समाधान के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) के अधिकारियों ने गांव का निरीक्षण किया। टीम ने जल मीनार का तकनीकी सर्वे कर जलापूर्ति व्यवस्था की स्थिति का आकलन किया।
प्रशासन ने बताया कि जल्द ही जल सहिया और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में बची हुई तकनीकी समस्याओं को दूर कर दीर्घकालिक जलापूर्ति सुनिश्चित करने की योजना बनाई जाएगी।
हर गांव तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना प्राथमिकता
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
