साहेबगंज। ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहेबगंज की नवगठित कार्यकारिणी समिति का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) के शीर्ष पदाधिकारियों ने मुख्य रूप से शिरकत की। अतिथियों में झारखंड चैंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, को-ऑर्डिनेशन विद एफिलिएटेड उप समिति के चेयरमैन साहिल्य पवन और संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल शामिल थे।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ
राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इसके बाद झारखंड चैंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल और सह सचिव रोहित पोद्दार ने साहेबगंज इकाई के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश अग्रवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ ही उपाध्यक्ष संजय भुवानिया व अंकित केजरीवाल, सचिव मोहित मेघराजका, सह सचिव पिंटू साह व अजय डोकानिया, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार तथा कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण की। इस दौरान सभी को सदस्यता और सम्मान पत्र भी सौंपे गए।
व्यापारियों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान: रोहित अग्रवाल
समारोह को संबोधित करते हुए झारखंड चैंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि साहेबगंज की इस नई कार्यकारिणी के गठन से स्थानीय व्यापार और उद्योग जगत को एक नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि झारखंड चैंबर राज्यभर की संबद्ध संस्थाओं के साथ मिलकर उद्यमियों की समस्याओं के समाधान, निवेश प्रोत्साहन और व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रहा है। वहीं, सह सचिव रोहित पोद्दार ने एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि एक मजबूत संगठन ही व्यापारियों की सबसे बड़ी ताकत होता है।
संथाल परगना में व्यापार की अपार संभावनाएं: संजय अग्रवाल
झारखंड चैंबर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि साहेबगंज और पूरे संथाल परगना क्षेत्र में औद्योगिक विकास की असीम संभावनाएं मौजूद हैं। नई टीम स्थानीय व्यापारियों की आवाज को मजबूती से उठाएगी और उन्हें राज्यस्तरीय मंच से जोड़ने का काम करेगी। को-ऑर्डिनेशन उप समिति के चेयरमैन साहिल्य पवन ने संबद्ध संस्थाओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि इस नई टीम से चैंबर के संगठनात्मक विस्तार को गति मिलेगी।
अध्यक्ष ने जताया आभार, कई गणमान्य रहे मौजूद
ईस्टर्न झारखंड चैंबर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए व्यापारिक समुदाय की उम्मीदों पर खरा उतरने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित स्वदेशी, समाजसेवी चंद्रवर प्रसाद सिन्हा, डॉ. कमल महावर और डॉ. विजय कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। समारोह के अंत में सचिव मोहित मेघराजका ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
