32.4 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

टेम्पो परमिट की होगी सख्त जांच, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

पूर्वी सिंहभूम । जिले में बढ़ती यातायात समस्याओं और शहर में लगातार बढ़ रही टेम्पो वाहनों की संख्या को देखते हुए जिला परिवहन विभाग विशेष जांच अभियान चलाने की तैयारी में है। जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) दिलीप कुमार ने बुधवार को बताया कि शहर में संचालित टेम्पो वाहनों के परमिट, दस्तावेज और परिचालन क्षेत्र की व्यापक जांच की जाएगी। इसका उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और सरकारी राजस्व की हानि को रोकना है।

दूसरे क्षेत्रों के परमिट पर चल रहे कई टेम्पो

डीटीओ ने कहा कि विभाग के संज्ञान में आया है कि कई टेम्पो चालक अन्य जिलों या क्षेत्रों के लिए जारी परमिट के आधार पर जमशेदपुर में व्यावसायिक परिचालन कर रहे हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। साथ ही सरकार को मिलने वाला राजस्व भी प्रभावित हो रहा है।

परमिट, फिटनेस और बीमा समेत दस्तावेजों की होगी जांच

उन्होंने बताया कि विभागीय निर्देश मिलते ही बड़े पैमाने पर जांच अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

डीटीओ ने स्पष्ट किया कि वैध परमिट और दस्तावेजों के साथ चलने वाले वाहनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। विभाग का उद्देश्य परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना है, जबकि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख