36.4 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

साकची से अपहृत तीन वर्षीय बच्ची 14 दिन बाद पुरुलिया से बरामद, दंपति गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम । साकची बाजार से 26 मई को लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची आफरीन को पुलिस ने 14 दिनों की लगातार जांच और खोजबीन के बाद पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में एक दंपति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बच्ची के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

बकरीद की खरीदारी के दौरान हुई थी लापता

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) ललित कुमार मीणा ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि उलीडीह थाना क्षेत्र के हयात नगर निवासी मो. इम्तियाज 26 मई को अपने परिवार के साथ बकरीद की खरीदारी के लिए साकची बाजार आए थे। इसी दौरान भीड़भाड़ में उनकी तीन वर्षीय पुत्री आफरीन लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी बच्ची का पता नहीं चलने पर साकची थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया। जांच के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। फुटेज में एक दंपति बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर कपाली स्थित उनके किराये के मकान तक पहुंच बनाई, लेकिन वहां ताला बंद मिला।

पुरुलिया में छापेमारी कर बच्ची को किया बरामद

तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र के पुष्टि गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अब्दुल जसीम उर्फ लखन (42) और उसकी पत्नी अफसाना बेगम (30) को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से बच्ची आफरीन को सकुशल बरामद कर लिया गया।

संतान न होने पर किया था अपहरण

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनकी शादी को लगभग 10 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन उन्हें संतान नहीं हुई। बच्ची की चाह में उन्होंने साकची बाजार में अकेली दिखी आफरीन का अपहरण कर लिया और उसे अपनी संतान की तरह पालने के इरादे से गांव ले गए थे।

परिजनों ने जताया पुलिस का आभार

पुलिस ने आरोपितों के पास से दो स्मार्टफोन भी जब्त किए हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी के सुरक्षित लौटने पर परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

इस अभियान में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने इसे पुलिस की बड़ी सफलता बताते हुए पूरी टीम की प्रशंसा की।

Related Articles

नवीनतम लेख