राँची । फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के आमंत्रण पर जियाडा (JIADA) के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन आज चैंबर भवन पहुंचे और उद्यमियों की समस्याओं पर विस्तृत वार्ता की। बैठक में राज्य के औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान तथा जियाडा द्वारा किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों पर गंभीर चर्चा हुई। बैठक में जियाडा एमडी ने बताया कि जियाडा रेगुलेशन-2016 में आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं ताकि राज्य में उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार हो सके और वास्तविक निवेशकों को आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर किया जा सके।
निवेशकों के साथ साझा होगा नए रेगुलेशन का प्रारूप
प्रबंध निदेशक ने कहा कि बदलते औद्योगिक परिदृश्य और तकनीकी विकास को ध्यान में रखते हुए नए रेगुलेशन तैयार किए जा रहे हैं। इसका प्रारूप जल्द ही औद्योगिक संगठनों के साथ साझा कर उनके महत्वपूर्ण सुझाव भी लिए जाएंगे। उन्होंने भूमि आवंटन और पजेशन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने, डीओपी (DOP) की परिभाषा को सरल करने, परियोजना परिवर्तन की सुविधा प्रदान करने तथा औद्योगिक क्षेत्र में बिल्डिंग प्लान अनुमोदन से संबंधित प्रक्रियाओं को स्पष्ट करने जैसे महत्वपूर्ण सुधारों की जानकारी दी।
हर माह के चौथे गुरुवार को होगी क्षेत्रीय बैठकें
चैंबर के सह सचिव रोहित पोद्दार ने राज्य में कोल्ड स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर, इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स की आवश्यकता, पलामू में जियाडा के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना तथा न्यूनतम वेतन दरों से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इन विषयों पर सकारात्मक पहल का भरोसा देते हुए जियाडा एमडी ने जानकारी दी कि प्रत्येक माह के चौथे गुरुवार को जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक या उप निदेशक स्थानीय जिला चैंबर और औद्योगिक इकाइयों के साथ नियमित बैठक करेंगे, ताकि समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
सेक्टोरल राउंड टेबल मीटिंग आयोजित करने पर बनी सहमति
बैठक में सेक्टरवार उद्योगों की समस्याओं को समझने के लिए नियमित सेक्टोरल राउंड टेबल मीटिंग आयोजित करने, लैंड एक्विजिशन सेल के गठन, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में डीजीएफटी (DGFT) कार्यालय की स्थापना तथा इंडस्ट्रियल इंफ्रा को सुदृढ़ बनाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। झारखण्ड चैंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल ने राज्य में औद्योगिक निवेश एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए जियाडा के सुधारात्मक प्रयासों की सराहना की। बैठक में चैम्बर के महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, पूर्व अध्यक्ष रंजीत टिबड़ेवाल एवं अन्य सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।
