40.5 C
Kolkata
Thursday, June 4, 2026

‘पेड्डी’ की रिलीज से पहले पवन कल्याण ने उठाए फिल्म इंडस्ट्री के अहम मुद्दे

हैदराबाद । अभिनेता राम चरण की बहुप्रतीक्षित स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म पेड्डी की रिलीज से पहले आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण ने तेलुगु फिल्म उद्योग के सामने मौजूद चुनौतियों को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि बड़ी फिल्मों को रिलीज के अंतिम चरण में कई तरह की बाधाओं और अनिश्चितताओं का सामना करना पड़ता है, जिसका असर पूरी इंडस्ट्री पर पड़ता है।

पवन कल्याण ने फिल्म पेड्डी की पूरी टीम के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि रिलीज से पहले पैदा होने वाली परेशानियां केवल कलाकारों और निर्माताओं तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि तकनीशियनों, कर्मचारियों और पर्दे के पीछे काम करने वाले हजारों लोगों की आजीविका को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए उद्योग से जुड़े सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

अपने संदेश में उन्होंने राम चरण की सादगी, मेहनत और समर्पण की सराहना की। साथ ही फिल्म के निर्देशक बुची बाबू सना की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि वे स्थानीय संस्कृति और जमीनी कहानियों को प्रभावशाली ढंग से बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने की क्षमता रखते हैं।

पवन कल्याण ने निर्माता संस्था मैत्री मूवी मेकर्स की भी सराहना की और कहा कि इस तरह की बड़ी और महत्वाकांक्षी फिल्मों को समर्थन देने के लिए दूरदृष्टि और साहस की आवश्यकता होती है।

उन्होंने तेलुगु फिल्म उद्योग में अधिक एकजुटता और संवाद की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि उद्योग से जुड़े सभी पक्षों को मिलकर समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बचा जा सके।

हालांकि तेलंगाना में फिल्म की रिलीज को लेकर कुछ चिंताओं की चर्चा रही, लेकिन आंध्र प्रदेश में इसका कोई प्रभाव नहीं देखा गया। अपने संदेश के अंत में पवन कल्याण ने पेड्डी की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि फिल्म देश और दुनिया भर के दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी।

Related Articles

नवीनतम लेख