भागलपुर| एक तरफ जहां सरकार स्वच्छ भारत मिशन के नाम पर हर साल करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा रही है, वहीं दूसरी तरफ बिहार के भागलपुर शहर से स्वच्छता दावों की पोल खोलती एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। नाथनगर रेलवे स्टेशन रोड स्थित ऐतिहासिक सुखराय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मुख्य गेट को ही नगर निगम ने कचरा डंपिंग यार्ड बना दिया है। स्कूल गेट के ठीक सामने लगे गंदगी के इस विशाल ढेर से निकलने वाली असहनीय बदबू के कारण छात्र-छात्राएं अपनी नाक बंद कर स्कूल आने को विवश हैं।
1939 से संचालित ऐतिहासिक स्कूल बना बीमारी का केंद्र, पढ़ाई प्रभावित
उल्लेखनीय है कि साल 1939 से संचालित यह ऐतिहासिक स्कूल क्षेत्र का एक प्रमुख शिक्षा केंद्र है, जिसे मैट्रिक और इंटर जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के लिए मुख्य सेंटर भी बनाया जाता है। वर्तमान में इसे बीएससी (B.Sc) नर्सिंग परीक्षा का केंद्र बनाया गया है, जहां दूर-दूर से परीक्षार्थी अपने भविष्य को संवारने के लिए परीक्षा देने पहुंच रहे हैं। लेकिन स्कूल के गेट पर ही सड़ रहे कचरे के कारण परीक्षा हॉल तक बदबू फैल रही है, जिससे छात्रों को परीक्षा देने में भारी मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्लासरूम में बैठना हुआ दूभर, लगातार बीमार पड़ रहे हैं मासूम बच्चे
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि एक तरफ शिक्षा विभाग बच्चों को किताबों में स्वच्छता और स्वास्थ्य का पाठ पढ़ाता है, वहीं दूसरी तरफ स्कूल के मुहाने पर ही बीमारी को आमंत्रण दिया जा रहा है। गंदगी और सड़न के कारण स्कूल परिसर का वातावरण इतना दूषित हो चुका है कि क्लासरूम में बैठकर पढ़ाई करना भी दूभर हो गया है। इस दूषित माहौल के कारण स्कूल में पढ़ने वाले कई बच्चे लगातार संक्रामक बीमारियों की चपेट में आकर बीमार पड़ रहे हैं।
नगर निगम बेअसर, नाराज अभिभावकों ने जिला प्रशासन से की स्थायी समाधान की मांग
अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन के अनुसार, इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार नगर निगम प्रशासन से लिखित और मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कुंभकर्णी नींद में सोए अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि राज्य में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद जमीनी स्तर पर स्वच्छ भारत मिशन का सपना दम तोड़ता नजर आ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भागलपुर जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि परीक्षा केंद्र के सामने से तुरंत इस कचरे को हटाया जाए और यहां कचरा फेंकने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाकर इसका स्थायी समाधान किया जाए।
