28 C
Kolkata
Saturday, May 30, 2026

सुपौल: जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, महिलाओं समेत 5 लोग लहूलुहान, एक गंभीर रूप से रेफर

सुपौल| जिले के निर्मली थाना क्षेत्र अंतर्गत बेला सिंगार मोती पंचायत के धोबीयाई (वार्ड संख्या-5) में शनिवार को जमीन विवाद को लेकर दो गुटों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। इस हिंसक झड़प में एक ही पक्ष के महिलाओं समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के बाद इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है।

अंचल कार्यालय जाने के दौरान रास्ते में घेरा, लाठी-डंडों से किया हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित मोहम्मद सज्जाद जमीन से जुड़े किसी विवादित मामले की पैरवी के लिए निर्मली अंचल कार्यालय (CO Office) जा रहे थे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जैसे ही वह अपने घर से निकले, तभी घात लगाए बैठे दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें रास्ते में ही घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इस मारपीट में बीच-बचाव करने आए अन्य लोग भी लहूलुहान हो गए। सज्जाद ने दूसरे पक्ष के शमशाद, मोहम्मद अबीब, इरफान, सुभान कलीम, गुलाद और नौशाद सहित कई अन्य लोगों पर मारपीट की इस वारदात को अंजाम देने का सीधा आरोप लगाया है।

मारपीट में पांच लोग घायल, मोहम्मद सज्जाद की हालत नाजुक
इस खूनी संघर्ष में मोहम्मद सज्जाद, मोहम्मद आजाद, मैमून खातून, सोमइया और दिल मोहम्मद गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। शोर-शराबा सुनकर जुटे स्थानीय लोगों और परिजनों ने सभी घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली में भर्ती कराया। अस्पताल के ऑन-ड्यूटी डॉक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि बाकी घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है, लेकिन मोहम्मद सज्जाद के सिर और शरीर पर गहरे जख्म होने के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दरभंगा (Higher Center) रेफर कर दिया गया है।

लिखित शिकायत मिलते ही होगी कानूनी कार्रवाई: थाना प्रभारी
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है। निर्मली थाना प्रभारी सियावर मंडल ने बताया कि पुलिस अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हालांकि, अब तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि जैसे ही परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलती है, पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर देगी।

Related Articles

नवीनतम लेख