28 C
Kolkata
Saturday, May 30, 2026

सारण: कोपा नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति का चुनाव निर्विरोध संपन्न, आपसी एकता के साथ पुरानी टीम पर फिर जताया भरोसा

सारण| जिला अंतर्गत नगर पंचायत कोपा की सशक्त स्थायी समिति का चुनाव आपसी एकजुटता और लोकतांत्रिक सहमति के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। नगर के विकास और आपसी समन्वय को सर्वोपरि रखते हुए सभी वार्ड पार्षदों ने सर्वसम्मति से पूर्व में कार्यरत सदस्यों को ही एक बार फिर निर्विरोध चुनने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।

तीन पदों के लिए आए सिर्फ तीन आवेदन, सलीम, अमित और मुमताज फिर चुने गए
मामले की जानकारी देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) ने बताया कि कोपा नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति के तीन पदों के लिए चुनाव कराया जाना था। निर्धारित समय सीमा के भीतर केवल तीन ही उम्मीदवारों के आवेदन प्राप्त हुए। इसके बाद स्क्रूटनी और आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों सदस्यों— सलीमुद्दीन अंसारी, अमित कुमार यादव और मुमताज खान को एक बार फिर निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

चट्टानी एकता से कोपा को बनाएंगे विकसित नगर: उपमुख्य पार्षद
चेयरमैन रोकसाना खातून से गहन विचार-विमर्श के बाद लिए गए इस फैसले की उपमुख्य पार्षद माधुरी सिंह ने सराहना की है। उन्होंने नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि पार्षदों की इसी चट्टानी एकता के बल पर कोपा को एक आदर्श और विकसित नगर पंचायत बनाने का संकल्प जल्द साकार होगा। वहीं, चेयरमैन प्रतिनिधि बुस्तामी खान ने कहा कि इस निर्विरोध चुनाव से न सिर्फ आपसी भाईचारा मजबूत होगा, बल्कि क्षेत्र में विकास कार्यों को और रफ्तार मिलेगी।

प्रखंड परिसर में पार्षदों ने जताई खुशी, स्थानीय जनता ने भी सराहा
इस ऐतिहासिक राजनैतिक समन्वय पर स्थानीय नागरिकों ने भी खुशी जाहिर की है और इसे क्षेत्र के विकास के लिए एक बेहद सकारात्मक संदेश बताया है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर में मुख्य रूप से वार्ड पार्षद वीरेंद्र चौधरी, किसन कुशवाहा, बुलबुल गुप्ता, राजन खान और संजय साह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद थे।

Related Articles

नवीनतम लेख