मुंबई । रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश डी. अंबानी ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत मजबूत प्रदर्शन के साथ की है। उन्होंने कहा कि कंपनी के सभी कारोबारों ने बेहतर परिचालन प्रदर्शन किया है और विविध कारोबार पोर्टफोलियो ने वैश्विक चुनौतियों के बीच अपनी मजबूती साबित की है।
मुकेश अंबानी ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक कमोडिटी बाजारों में उतार-चढ़ाव के बावजूद रिलायंस के विभिन्न कारोबारों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
जियो की कमाई में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी
उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवा कारोबार की विकास गति लगातार बनी हुई है। मोबाइल सेवा, होम ब्रॉडबैंड और उद्यम सेवाओं में जियो का प्रदर्शन शानदार रहा, जिससे सालाना आधार पर आय में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
तिमाही के दौरान जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास अपना प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम दस्तावेज जमा किया। मुकेश अंबानी ने कहा कि प्रस्तावित जियो आईपीओ कंपनी के सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा और निवेशकों को भारत की डिजिटल विकास यात्रा से जुड़ने का अवसर देगा।
रिटेल और उपभोक्ता उत्पाद कारोबार में तेजी
मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस रिटेल ने तिमाही में मजबूत वृद्धि दर्ज की है। सभी उपभोक्ता प्रारूपों और बिक्री माध्यमों में बेहतर प्रदर्शन हुआ है। उन्होंने कहा कि कंपनी की बहु-माध्यम उपस्थिति लाखों भारतीय ग्राहकों को सेवाएं दे रही है और भारत की दीर्घकालिक खपत वृद्धि का लाभ उठाने के लिए कंपनी मजबूत स्थिति में है।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता उत्पाद कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और एफएमसीजी ब्रांडों का पोर्टफोलियो भारतीय ग्राहकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड का राजस्व पिछले वर्ष की तुलना में दोगुने से अधिक हो गया है।
ऊर्जा कारोबार ने चुनौतीपूर्ण माहौल में किया बेहतर प्रदर्शन
मुकेश अंबानी ने कहा कि तेल से रसायन कारोबार ने भी तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया। इसमें बेहतर रिफाइनिंग मार्जिन और पेट्रोकेमिकल कारोबार के अच्छे प्रदर्शन का योगदान रहा। वैश्विक ऊर्जा बाजार में चुनौती और आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान के बावजूद कंपनी ने घरेलू बाजार में आवश्यक ईंधन और सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की।
उन्होंने बताया कि इस दौरान मूडीज रेटिंग्स ने रिलायंस के विदेशी मुद्रा ऋण को “बीएए1” रेटिंग में अपग्रेड किया, जो कंपनी की मजबूत नकदी स्थिति और वित्तीय क्षमता को दर्शाता है।
मुकेश अंबानी ने कहा कि उन्हें कंपनी के कारोबार, कर्मचारियों की प्रतिभा और प्रतिबद्धता पर पूरा भरोसा है। वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत नए ऊर्जा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने और जियो आईपीओ के माध्यम से मूल्य सृजन की दिशा में नई उम्मीद लेकर आई है।
