27 C
Kolkata
Thursday, May 28, 2026

साहिबगंज में दिखा लघु बनारस का नजारा, गंगा दशहरा पर 11 हजार लीटर दूध से हुआ मां गंगा का अभिषेक

साहिबगंज । गंगा दशहरा के पावन अवसर पर झारखंड का साहिबगंज जिला पूरी तरह से भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। मुक्तेश्वरधाम बिजली सीढ़ी गंगा घाट पर उत्तर प्रदेश के बनारस (वाराणसी) की तर्ज पर एक भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। इस अलौकिक दृश्य ने स्थानीय लोगों को साहिबगंज में ही बनारस का अहसास करा दिया।

बनारस की 70 सदस्यीय टीम ने कराई महाआरती
इस भव्य महाआरती को संपन्न कराने के लिए विशेष रूप से बनारस से 70 सदस्यीय टीम साहिबगंज पहुंची थी। आचार्य शुभम मिश्रा के नेतृत्व में आए इस दल में 11 गंगा आरती पुरोहित, 12 रिद्धि-सिद्धि, 11 वैदिक ब्राह्मण, 11 शंख वादक, 21 डमरू वादक और 5 घड़ी-घंट बजाने वाले सदस्य शामिल थे। वैदिक मंत्रोच्चार और डमरू की गूंज के बीच पुरोहितों ने मां गंगा की विशेष पूजा-अर्चना की। पूजन के दौरान मां गंगा को दूध, दही, शहद, फल, गन्ने और आम के रस के साथ-साथ वस्त्र व चुनरी अर्पित की गई।

11 हजार लीटर दूध से महाअभिषेक
गंगा दशहरा के इस पावन मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष सुनील यादव की ओर से गर्म गंगा घाट से लेकर मनिहारी और मुक्तेश्वरधाम बिजली सीढ़ी गंगा घाट तक मां गंगा का 11 हजार लीटर दूध से भव्य अभिषेक किया गया। इसके साथ ही 11 क्विंटल फल, मिठाई और 1100 नारियल भी मां गंगा को अर्पित किए गए। मान्यता है कि इसी पवित्र दिन मां गंगा स्वर्ग से धरती पर अवतरित हुई थीं, इसीलिए हर साल यहां इस उत्सव को बेहद धूमधाम और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मनाया जाता है।

Related Articles

नवीनतम लेख