27 C
Kolkata
Thursday, May 28, 2026

झारखंड में अगले दो दिनों तक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी, इस दिन से होगी झमाझम बारिश

राजधानी सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिनों के बाद राज्य के कई इलाकों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। रांची समेत राज्य के कई जिलों में तेज हवा, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार समेत उत्तर-पश्चिमी जिलों में फिलहाल हीटवेव का असर जारी रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। सबसे ज्यादा 19.5 मिमी बारिश पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में रिकॉर्ड की गई। वहीं, डाल्टनगंज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी तरफ सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दारीसाई में रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 27 और 28 मई तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। लेकिन 29 मई से मौसम में बदलाव दिखेगा और अगले तीन दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री तक नीचे जा सकता है। उन्होंने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर राज्य के बाकी इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है। देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, साहिबगंज, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, धनबाद, बोकारो, गुमला, कोडरमा और लोहरदगा में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इसके साथ वज्रपात का भी खतरा जताया गया है। इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पूरे राज्य में 1 जून तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उत्तर-पश्चिमी इलाके यानी पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में अगले कुछ दिनों तक हीट वेव का असर बना रहेगा। इन जिलों में लोगों को अभी गर्म हवाओं और तेज धूप से राहत मिलने की उम्मीद कम है। हालत यह है कि राज्य के करीब 10 जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज आंधी और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ या बिजली के खंभों के पास खड़े न हों। गर्मी और लू से बचने के लिए दिन में ज्यादा देर धूप में निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।

Related Articles

नवीनतम लेख