32 C
Kolkata
Wednesday, August 26, 2026

सुपौल में कीर्तन कर रहे लोगों को वाहन ने रौंदा, पांच की मौत

सुपौल। बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में मंदिर के पास कीर्तन कर रहे पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक के पास एनएच-327ई किनारे बजरंगबली मंदिर के समीप हुआ। बताया गया कि करीब छह लोग मंदिर के पास बैठकर कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें रौंद दिया और करीब 50 मीटर आगे जाकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मृतकों की पहचान तिलाई दास (65), राजू दास (50), सुरेंद्र यादव (45), भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव और कृष्ण मोहन साह के रूप में हुई है। सभी मृतक कटैया पंचायत के रहने वाले थे। हादसे में रामचंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तिलाई दास और राजू दास कटैया पंचायत के वार्ड 12 के निवासी थे। सुरेंद्र यादव वार्ड 15, भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव वार्ड 11 और कृष्ण मोहन साह वार्ड 13 के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने वाहन किया जब्त

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मंगलवार देर रात जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि एसडीएम को घटनास्थल पर भेजा गया है और पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने कटैया चौक के पास सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों को हटवाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे अतिक्रमण और अस्थायी दुकानें होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे लगे अस्थायी दुकानों और अतिक्रमण को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। हादसे के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख