सीवान । बिहार के सीवान जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच सोमवार तड़के (अहले सुबह) भीषण मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में जीरादेई थाना क्षेत्र के बहुचर्चित जामापुर आभूषण दुकान लूटकांड का मुख्य आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में घुटनों में लगी गोली
घायल आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर निवासी अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो श्रीनिवास सिंह का बेटा है। जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों घुटनों में गोली लग गई।
गोलीबारी थमने के बाद पुलिस ने आरोपी को तुरंत दबोच लिया और इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर आई। डॉक्टरों के मुताबिक गोली घुटनों के आर-पार हो चुकी है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
6 मई को हुई थी 40 लाख की बड़ी लूट
अंकित सिंह पर आरोप है कि वह बीते 6 मई को जीरादेई थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर हुई करीब 40 लाख रुपये के गहनों की सनसनीखेज लूट में शामिल था। इस बड़ी वारदात के बाद सीवान के एसपी पूरण कुमार झा के निर्देश पर अपराधियों को पकड़ने के लिए चार विशेष (एसआईटी) टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस इस मामले में पहले ही कुछ अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ के आधार पर ही पुलिस की टीम अन्य आरोपियों को दबोचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी कड़ी में सोमवार सुबह यह एनकाउंटर हुआ। हालांकि, इस पूरे मामले पर सीवान पुलिस के आला अधिकारी अभी आधिकारिक रूप से खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

