34 C
Kolkata
Monday, May 18, 2026

एमजीएम मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरकर जूनियर डॉक्टर की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

इंदौर । मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में रविवार देर रात एक जूनियर डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। डॉक्टर का शव हॉस्टल परिसर में मिलने से मेडिकल कॉलेज और छात्रावास में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच आत्महत्या और हादसे दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है।

देर रात पांचवीं मंजिल से गिरे डॉक्टर
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 2 बजे एमजीएम बॉयज हॉस्टल के ब्लॉक नंबर- 5 के पास एक युवक का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से नीचे गिरे थे। घटना की सूचना मिलते ही संयोगितागंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।

फाइनल ईयर के छात्र थे डॉ. अमन
मृतक की पहचान 30 वर्षीय डॉ. अमन पटेल के रूप में हुई है। वे एमजीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में फाइनल ईयर के पीजी (Post Graduate) छात्र थे। मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले डॉ. पटेल ने अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई भी जबलपुर से ही की थी और महज कुछ ही महीनों में उनका पीजी कोर्स पूरा होने वाला था।

सुसाइड नोट नहीं मिला, कॉलेज में शोक की लहर
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उधर, एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने डॉ. अमन पटेल को एक शांत, होनहार और समर्पित छात्र बताते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुखद घटना के बाद से कॉलेज परिसर और चिकित्सा जगत में शोक का माहौल है।

Related Articles

नवीनतम लेख