23 C
Kolkata
Saturday, May 2, 2026

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन ट्रेड ने अपना 63वां स्थापना दिवस मनाया

नई दिल्ली । वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संस्था, भारतीय विदेश व्यापार संस्थान (आईआईएफटी) ने शनिवार को अपना 63वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर आईआईएफटी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों और इस संस्थान में 25 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले स्टाफ सदस्यों को सम्मानित किया।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने जारी एक बयान में कहा कि इस कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण आईआईएफटी की नई वेबसाइट का लॉन्च था, जिसका उद्देश्य छात्रों, फैकल्टी, शोधकर्ताओं और हितधारकों के लिए उपयोगकर्ता अनुभव, पहुंच और डिजिटल जुड़ाव को बेहतर बनाना है।

इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ‘एक्स’ पोस्ट पर जारी एक संदेश के माध्यम से इस अवसर पर अपनी बधाई दी। केंद्रीय मंत्री ने भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार और प्रबंधन परिदृश्य को आकार देने में संस्थान की निरंतर उत्कृष्टता की सराहना की, और वैश्विक व्यापार में नीति, अनुसंधान और क्षमता निर्माण में योगदान देने वाली एक प्रमुख संस्था के रूप में इसकी भूमिका को रेखांकित किया।

पीयूष गोयल ने कहा कि व्यापार शिक्षा में उत्कृष्टता प्रदान करने की नींव पर स्थापित, यह संस्थान युवा मस्तिष्कों को बदलते व्यापार परिदृश्य के लिए तैयार करने और उन्हें वैश्विक व्यापार में भारत की भूमिका को सुदृढ़ करने की दिशा में अपना योगदान बढ़ाने में सक्षम बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मंत्रालय के मुताबिक इस कार्यक्रम के दौरान आईआईएफटी ने अपने छात्र लेफ्टिनेंट कर्नल त्रिवेदी परागकुमार को उनकी अनुकरणीय सेवा और उपलब्धियों के सम्मान में ‘विशिष्ट सेवा पदक’ से सम्मानित किया। इस समारोह में शास्त्रीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी शामिल थीं, जिसके बाद एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मचारियों और संस्थान में 25 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले स्टाफ सदस्यों को सम्मानित किया गया।

Related Articles

नवीनतम लेख