23 C
Kolkata
Saturday, May 2, 2026

सरकार ने रोहित जैन को आरबीआई का डिप्टी गवर्नर किया नियुक्त

नई दिल्ली । केंद्र सरकार ने रोहित जैन को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) का डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तीन साल की अवधि के लिए की गई है। जैन वर्तमान डिप्टी गवर्नर टी. रबी शंकर की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) की ओर से शनिवार को जारी एक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है। अधिसूचना में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने रोहित जैन को भारतीय रिजर्व बैंक का डिप्टी गवर्नर नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। एसीसी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि रोहित जैन को आरबीआई के डिप्टी गवर्नर के पद पर तीन साल के लिए नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल पद संभालने की तारीख यानी 3 मई, 2026 से शुरू होगा यानी अगले आदेश तक लागू रहेगा, जो भी पहले हो।

रोहित जैन इस पद पर टी रबी शंकर का स्थान लेंगे, जिनका विस्तारित कार्यकाल आज को समाप्त हो गया। जैन इससे पहले दिसंबर 2020 से आरबीआई में कार्यकारी निदेशक (ईडी) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। कार्यकारी निदेशक के तौर पर जैन ने सुपरविजन विभाग (रिस्क, एनालिटिक्स और वल्नरेबिलिटी असेसमेंट) की जिम्मेदारी संभाली है।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने पिछले महीने डिप्टी गवर्नर पद के लिए चार कार्यकारी निदेशकों का इंटरव्यू लिया था, जिसमें से रोहित जैन के नाम पर भी मुहर लगी है। जैन के पास रिजर्व बैंक में करीब तीन दशकों का लंबा अनुभव है। उन्होंने अपने करियर के दौरान सुपरविजन, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट और बैंकिंग समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में काम किया है।

Related Articles

नवीनतम लेख