35 C
Kolkata
Thursday, April 23, 2026

हाईवे पर दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, धू-धू कर जला कोल्डड्रिंक लदा ट्रक; मची अफरातफरी

हजारीबाग । जिले के पदमा ओपी क्षेत्र अंतर्गत इटखोरी मोड़ के पास रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH) पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। दो मालवाहक ट्रकों के बीच हुई सीधी टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस घटना में कोल्डड्रिंक से लदा एक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जबकि दूसरे ट्रक को भी भारी नुकसान पहुँचा है।

जोरदार टक्कर और फिर धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि टक्कर लगते ही वाहनों के इंजन से चिंगारियां निकलीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। एक ट्रक में भारी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक लदा था, जबकि दूसरे में स्पंज भरा हुआ था। आग की लपटें देख हाईवे पर आवाजाही थम गई और लोगों के बीच दहशत फैल गई।

बाल-बाल बचे चालक और खलासी
राहत की बात यह रही कि इस भयानक मंजर के बावजूद कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। जैसे ही ट्रकों में आग लगी, दोनों वाहनों के चालक और सह-चालक (खलासी) सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते केबिन से बाहर कूद गए।

पुलिस और दमकल विभाग की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पदमा ओपी प्रभारी संचित दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बरही से तत्काल दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर ट्रैफिक को कुछ देर के लिए रोक दिया गया था, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आग बुझने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क के बीच से हटाने का काम शुरू किया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल वन-वे मार्ग खोलकर यातायात को सामान्य करा दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख