30 C
Kolkata
Thursday, April 23, 2026

IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स के नांद्रे बर्गर पर भारी जुर्माना, इकाना में विकेट के जश्न के चक्कर में फँसे

लखनऊ | लखनऊ के इकाना स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच रोमांचक मुकाबले के बाद राजस्थान के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर के लिए बुरी खबर आई है। मैच के दौरान आक्रामक व्यवहार दिखाने के कारण उन पर आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है।

मैच फीस कटी और डिमेरिट अंक भी जुड़ा
मैच रेफरी ने नांद्रे बर्गर पर कार्रवाई करते हुए उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। जुर्माने के साथ-साथ उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ दिया गया है। आईपीएल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बर्गर ने लेवल-1 का अपराध स्वीकार कर लिया है।

क्यों हुई कार्रवाई?
बर्गर को आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के उल्लंघन का दोषी माना गया है। यह नियम किसी खिलाड़ी के प्रति अनुचित शब्द, आपत्तिजनक इशारे या आक्रामक प्रतिक्रिया देने से संबंधित है। हालांकि आधिकारिक तौर पर सटीक घटना की जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन माना जा रहा है कि मिचेल मार्श का विकेट लेने के बाद उनके ‘सेंड-ऑफ’ (विदाई के समय की गई टिप्पणी) पर अंपायरों ने आपत्ति जताई थी।

शानदार प्रदर्शन पर पड़ा अनुशासन का साया
दिलचस्प बात यह है कि इस मैच में बर्गर ने शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में केवल 27 रन देकर 2 बड़े विकेट (ऋषभ पंत और मिचेल मार्श) झटके। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत राजस्थान ने लखनऊ पर दबाव बनाया, लेकिन मैदान पर भावनाओं पर नियंत्रण न रख पाना उन्हें भारी पड़ गया।

मैच रेफरी का फैसला अंतिम
लेवल-1 के मामलों में आईपीएल के नियमों के तहत मैच रेफरी का फैसला अंतिम होता है। बर्गर ने अपनी गलती और सजा दोनों को स्वीकार कर लिया है, जिसके चलते अब आगे कोई सुनवाई नहीं होगी।

Related Articles

नवीनतम लेख