21 C
Kolkata
Thursday, April 30, 2026

टमाटर बेचकर घर लौट रहे किसान को बाइक ने रौंदा, मौत

पश्चिमी सिंहभूम | मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बूता गांव (टोला डांगौरपी) के पास मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 55 वर्षीय किसान घनश्याम सिंह कुंटिया की मौत हो गई। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर इतनी जोरदार थी कि किसान ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

बाजार से लौटते वक्त हुआ हादसा
मृतक के भतीजे सुखलाल सिंह कुंटिया ने बताया कि घनश्याम सिंह कुंटिया पेशे से किसान थे। मंगलवार को वह चाईबासा बाजार में टमाटर बेचकर पैदल ही अपनी साइकिल के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बाइक पर दो पुरुष और एक महिला सवार थे।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें टोटो से सदर अस्पताल चाईबासा ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पांच बच्चों (चार बेटियां और एक बेटा) का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वह खेती-बाड़ी के जरिए ही परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस घटना के बाद से पूरे इलाके और पीड़ित परिवार में मातम पसरा है।

पुलिस ने मामले की जानकारी ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की बढ़ती रफ्तार और लापरवाही को लेकर भी चिंता जताई है।

Related Articles

नवीनतम लेख