29 C
Kolkata
Sunday, April 19, 2026

CTC जादूगोड़ा में प्रशिक्षु जवान की मौत के बाद भारी हंगामा, व्यवस्था पर उठे सवाल

पूर्वी सिंहभूम | जिले के जादूगोड़ा स्थित कांस्टेबल ट्रेनिंग सेंटर (CTC) में एक प्रशिक्षु जवान की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मंगलवार देर रात तक साथी जवानों ने परिसर में जमकर हंगामा और नारेबाजी की। जवानों का आरोप है कि बीमार होने के बावजूद समय पर छुट्टी और इलाज की उचित व्यवस्था नहीं मिलने के कारण यह दुखद घटना हुई।

क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान बजरंगी यादव के रूप में हुई है, जो रांची जिला बल में कांस्टेबल थे और वर्तमान में CTC में ट्रेनिंग ले रहे थे। जानकारी के मुताबिक, बजरंगी पिछले एक सप्ताह से अस्वस्थ थे। मंगलवार दोपहर तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें तत्काल यूसीआईएल (UCIL) अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान शाम करीब 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

जवानों का आक्रोश और गंभीर आरोप
जवान की मौत की खबर फैलते ही ट्रेनिंग सेंटर के अन्य प्रशिक्षु उग्र हो गए। देर रात तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान जवानों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला। उनके मुख्य आरोप गंभीर बीमारी के बावजूद जवानों को समय पर राहत या छुट्टी नहीं दी जाती। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं पर अत्यधिक मानसिक दबाव बनाया जाता है। पासिंग आउट परेड में देरी और प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई गई।

प्रशासन की सफाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीटीसी के एएसपी विजय आशीष कुजूर ने कहा कि जवान की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई है और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और जवानों की जायज शिकायतों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया है।

फिलहाल, मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। एहतियात के तौर पर ट्रेनिंग सेंटर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख