रांची : राजधानी सेंट्रल यूनिवर्सिटी में सीबीआई की टीम ने दबिश दी है। मंगलवार को आधा दर्जन से ज्यादा वाहनों से सीबीआई की टीम रांची के चेरी मनातू स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी पहुंची. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पुराने वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी जांच का हिस्सा है।
सीबीआई की अचानक कार्रवाई से यूनिवर्सिटी कैंपस में हड़कंप मच गया। उस समय छात्र अपने-अपने क्लासरूम में पढ़ाई कर रहे थे, लेकिन जैसे ही खबर फैली, पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आधा दर्जन से अधिक वाहनों में आई सीबीआई की टीम ने चेरी मनातू स्थित कैंपस पहुंचकर जांच की प्रक्रिया शुरू की। टीम ने यूनिवर्सिटी के दूसरे तल पर स्थित वित्त एवं प्रशासनिक शाखा से दर्जनों फाइलें खंगालीं। सीबीआई ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिया है।
सूत्रों के अनुसार, भवन निर्माण फंड के आवंटन और यूनिवर्सिटी में की गई नियुक्तियों में गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर जांच की जा रही है। सीबीआई अधिकारियों ने पहुंचते ही यूनिवर्सिटी कार्यालय में मौजूद सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए और सभी को वहीं रुकने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब सीबीआई ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी में छापेमारी की हो। इससे पहले भी एजेंसी ने यहां वित्तीय लेन-देन और भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर कार्रवाई की थी।


