26 C
Kolkata
Friday, May 15, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इजराइल के लिए हुए रवाना

मुख्य बातें

  • प्रधानमंत्री मोदी इजरायल की संसद को करेंगे संबोधित
  • प्रधानमंत्री इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इजरायल की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए। उनकी यह दूसरी यात्रा है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव खासतौर पर अमेरिका और ईरान के बीच बिगड़ते संबंधों के बीच हो रही इस यात्रा को भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी इजरायल की संसद को भी संबोधित करेंगे।

आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25-26 फरवरी को इजराइल की राजकीय यात्रा पर रवाना हुए हैं। यह प्रधानमंत्री की इजराइल की दूसरी यात्रा है। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी इजराइल में नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे।

दोनों नेता भारत-इजराइल रणनीतिक साझेदारी में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा करेंगे और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा एवं सुरक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, व्यापार एवं अर्थव्यवस्था तथा जन-समुदाय के आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों पर चर्चा करेंगे। दोनों नेताओं के बीच पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक्स हैंडल पर लिखा, ”नेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री के तौर पर मोदी का दौरा कूटनीति और गरिमा का मेल है। यह दौरा इतिहास, मूल्यों और आगे की सोच वाली स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप पर आधारित है।” उल्लेखनीय है कि इस दौरे में आयरन डोम वायु रक्षा प्रणाली, करीब 71 हजार करोड़ रुपये के संभावित रक्षा सौदे और एआई आधारित ड्रोन तकनीक पर अहम चर्चा होने की उम्मीद है।

Related Articles

नवीनतम लेख