नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन का स्वागत किया है, जो एआई इंपैक्ट समिट में भाग लेने के लिए भारत आ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मैक्रॉन के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए कहा कि भारत उनकी इस यात्रा का हार्दिक स्वागत करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दौरा भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देगा। दोनों नेताओं के बीच होने वाली चर्चा से द्विपक्षीय सहयोग और मजबूत होगा, और यह सहयोग वैश्विक प्रगति में भी योगदान देगा।
भारतीय प्रधानमंत्री ने बताया कि इस यात्रा के दौरान मुंबई और बाद में नई दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम दोनों देशों के संबंधों को नई गति देंगे। यह दौरा व्यापार, आर्थिक, औद्योगिक, सांस्कृतिक और डिजिटल क्षेत्र में सहयोग को और विस्तार देने का अवसर भी है।
इसके पहले, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने भारत यात्रा पर रवाना होते हुए एक्स पर लिखा कि वह मुंबई से नई दिल्ली तक तीन दिन के दौरे पर रहेंगे। उनके साथ व्यापार, आर्थिक, औद्योगिक, सांस्कृतिक और डिजिटल क्षेत्र के प्रतिनिधि भी आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत किया जाएगा।
मैक्रॉन ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के लिए उत्साह भी व्यक्त किया और दोनों देशों के बीच सहयोग के नए आयाम खोलने की उम्मीद जताई। इस दौरे को वैश्विक स्तर पर तकनीकी और आर्थिक सहयोग बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


