रांची। श्री श्याम सेवा समिति की ओर से सेठ रामेश्वर लाल पोद्दार स्मृति भवन, चुटिया में आगामी 25 जनवरी को समिति का तृतीय वार्षिक उत्सव श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक ऋषि टिबरेवाल ने शुक्रवार को रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वार्षिक उत्सव के अवसर पर अपराह्न 3 बजे चुटिया स्थित श्री राम मंदिर से एक भव्य श्याम निशान यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में पारंपरिक परिधानों में सजे 111 महिला एवं पुरुष श्याम भक्त बाबा श्याम के निशान लेकर चुटिया के विभिन्न मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल तक पहुंचेंगे और श्रद्धापूर्वक बाबा श्याम को निशान अर्पित करेंगे।
निशान यात्रा के दौरान अलौकिक श्रृंगार से सुसज्जित बाबा श्याम का रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। वहीं, भजन गायक पूरे मार्ग में भजनों की प्रस्तुति देते हुए भक्तों के साथ चलेंगे, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। संध्या 6 बजे से सेठ रामेश्वर लाल पोद्दार स्मृति भवन परिसर में मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य जजमान सीताराम चौधरी के परिवार द्वारा बाबा श्याम की ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। इसके पश्चात बाबा श्याम को फूलों का बागा, इत्र स्नान, भजन माला के साथ 56 भोग एवं महाभोग अर्पित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में धनबाद से पधारे प्रसिद्ध भजन प्रवाहक रोमित बंसल एवं आशीष सिंगल अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे। रात्रि 8:30 बजे महाभोग वितरण किया जाएगा, जबकि रात्रि 11 बजे महाआरती के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन होगा। समिति ने शहरवासियों एवं श्याम भक्तों से इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। संवाददाता सम्मेलन में समिति के प्रदीप मोदी, दीपक अग्रवाल, पवन अग्रवाल, पंकज सिंघानिया, भवानी बिरला सहित श्री श्याम सेवा समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।


