33 C
Kolkata
Monday, July 20, 2026

पुंछ-राजौरी में बाढ़ और भूस्खलन से 8 की मौत, 6 लापता

राजौरी। जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में लगातार भारी बारिश के बाद आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग अब भी लापता हैं। पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल, नागरिक प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवक राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हैं।

लोअर मुर्रा क्षेत्र में सबसे ज्यादा तबाही

अधिकारियों के अनुसार, पुंछ जिले के सुरनकोट के लोअर मुर्रा क्षेत्र में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। लगातार बारिश के कारण कई मकान मलबे में दब गए, जिससे कई परिवार इसकी चपेट में आ गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

लगातार वर्षा के कारण दोनों सीमावर्ती जिलों में अचानक बाढ़ और बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ। कई स्थानों पर सड़कें बाधित हो गईं। मोबाइल टावरों को भी नुकसान पहुंचा, जिससे संचार सेवाएं करीब पांच घंटे तक प्रभावित रहीं। हालांकि बाद में मोबाइल नेटवर्क बहाल कर दिया गया, लेकिन कई इलाकों में बिजली आपूर्ति अब भी बाधित है।

लापता लोगों की तलाश जारी

प्रशासन ने बताया कि पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल, नागरिक प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवकों की संयुक्त टीमें छह लापता लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं। आशंका है कि कुछ लोग तेज बहाव में बह गए, जबकि कुछ अब भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख