नई दिल्ली/देवघर। बाबा नगरी देवघर के समग्र विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने केंद्र सरकार के समक्ष बड़ी मांग रखी है। नई दिल्ली में ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर के 11 सदस्यीय उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ देवघर के मेयर रवि राउत ने केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। इस दौरान मेयर ने केंद्रीय मंत्री को बाबा बैद्यनाथ धाम के पवित्र शिवलिंग का आकर्षक फोटो फ्रेम भेंट किया और देवघर के लिए विशेष वित्तीय पैकेज की मांग की।
पेयजल संकट, सीवरेज और ट्रैफिक प्रबंधन सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा
मुलाकात के दौरान मेयर रवि राउत ने देवघर शहर की प्रमुख समस्याओं से केंद्रीय मंत्री को विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने शहर में लगातार बने रहने वाले पेयजल संकट, जलापूर्ति व्यवस्था, सीवरेज नेटवर्क, जलजमाव, ट्रैफिक प्रबंधन, कचरा निस्तारण और शहर के सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र प्रायोजित योजनाओं की लंबित राशि को जल्द से जल्द जारी करने का आग्रह किया, ताकि विकास कार्यों को गति दी जा सके।
श्रावणी मेले की तैयारियों की दी जानकारी, राष्ट्रीय स्तर पर विकास की मांग
मेयर ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक होने के कारण देवघर में प्रतिदिन हजारों और श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में शहर के बुनियादी ढांचे को राष्ट्रीय स्तर के धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए विशेष केंद्रीय सहायता बेहद जरूरी है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को आगामी श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों की भी जानकारी दी और बताया कि नगर निगम श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रहा है।
