27 C
Kolkata
Wednesday, April 15, 2026

उन्नत उद्यानिकी प्रशिक्षण के लिए 40 प्रगतिशील किसान नोएडा रवाना

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले से गुरुवार को मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर (एमआईडीएच) योजना के तहत चयनित 40 प्रगतिशील किसानों को पांच दिवसीय उन्नत उद्यानिकी प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए नोएडा रवाना किया गया। किसानों को समाहरणालय परिसर से उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने हरी झंडी दिखाकर बस से रवाना किया। इसके बाद सभी किसान ट्रेन के माध्यम से अपनी आगे की यात्रा पूरी करेंगे। इस अवसर पर जिला उद्यान पदाधिकारी अनिमा लकड़ा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भारतीय बागवानी तकनीकी संस्थान, नोएडा में आयोजित किया जा रहा है, जहां किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक उद्यानिकी पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उन्नत उत्पादन तकनीक, गुणवत्तायुक्त पौध प्रबंधन, संरक्षित खेती की विधियां, पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन तथा कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी, ताकि किसान अपने क्षेत्रों में बेहतर उत्पादन के साथ आय में वृद्धि कर सकें।

जिला उद्यान पदाधिकारी ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण और एक्सपोजर विजिट से किसानों को नई तकनीकों को समझने और अपनाने का अवसर मिलता है। वैज्ञानिक तरीकों के प्रयोग से न केवल फसल की उत्पादकता बढ़ती है, बल्कि गुणवत्ता में भी सुधार होता है, जिससे बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों को आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख