29.3 C
Kolkata
Monday, June 15, 2026

राजहरा स्टेशन के पास मालगाड़ी की 15 वैगन बेपटरी, रेल यातायात प्रभावित; दो ट्रेनें रद्द

पलामू । पलामू जिले में गुरुवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब धनबाद रेल मंडल के बरवाडीह-गढ़वा रोड रेलखंड पर रजहरा रेलवे स्टेशन के पास कोयला लदी मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मालगाड़ी की 15 वैगन पटरी से उतर गईं, जिससे अप लाइन पर रेल परिचालन बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे रजहरा रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पहले हुई। टोरी से मुगलसराय जा रही कोयला लदी मालगाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर बेपटरी हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद रेलखंड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। दुर्घटना के कारण अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया है और रेलवे की टीमें युद्धस्तर पर ट्रैक बहाली के कार्य में जुटी हैं।

फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे प्रशासन ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

डालटनगंज के यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रभावित ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि रेल यातायात सामान्य हो सके।

इस बीच रेलवे की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, दुर्घटना के चलते रांची-सासाराम एक्सप्रेस और डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ सकता है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले संबंधित ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

Related Articles

नवीनतम लेख