नई दिल्ली । पंजाब की सियासत में मचे घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। इस मुलाकात में चड्ढा के साथ सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद रहे। नेताओं ने राष्ट्रपति को पंजाब की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए आरोप लगाया कि राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है।
सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
राष्ट्रपति भवन से बाहर आने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए राघव चड्ढा ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा निशाने पर AAP छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सांसदों को डराने-धमकाने के लिए विजिलेंस, प्रदूषण बोर्ड और पंजाब पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है। चड्ढा ने बताया कि संदीप पाठक के खिलाफ दो “मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण” एफआईआर दर्ज की गई हैं, जो पूरी तरह राजनीति से प्रेरित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया के माध्यम से जानबूझकर उनकी गिरफ्तारी की अफवाहें फैलाई जा रही हैं ताकि मनोवैज्ञानिक दबाव बनाया जा सके।
“यह एक खतरनाक खेल है। जब तक नेता ‘आप’ में रहते हैं, वे ईमानदार होते हैं, लेकिन पार्टी छोड़ते ही उन्हें भ्रष्ट घोषित कर दिया जाता है। AAP अब उसी गंदी राजनीति पर उतर आई है, जिसका विरोध कर वह सत्ता में आई थी।” — राघव चड्ढा
मुख्यमंत्री भगवंत मान भी पहुंचे राष्ट्रपति भवन
दिलचस्प बात यह है कि भाजपा सांसदों की शिकायत के तुरंत बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलने पहुंचे। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री राज्य सरकार का पक्ष रखने और भाजपा नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देने के लिए वहां पहुंचे हैं।

