27.3 C
Kolkata
Saturday, August 1, 2026

धनबाद में युवक की हत्या पर बवाल, शव के साथ थाने का घेराव, 72 घंटे का अल्टीमेटम

धनबाद: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बस्तीपुर निवासी 17 वर्षीय आरिफ अंसारी का शव मटियाला गांव के नदी किनारे जंगल से मिलने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण शव के साथ गोविंदपुर थाना पहुंचे और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव किया।

घटना के विरोध में जिला परिषद सदस्य सोहराब अंसारी, समाजसेवी शमीम अंसारी, गौड़तोपा पंचायत के मुखिया विनोद रजवार, पूर्व मुखिया लुकमान अंसारी, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि नासिर अंसारी समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की।

जिला परिषद सदस्य सोहराब अंसारी ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। आक्रोशित लोगों ने पुलिस को मामले का खुलासा करने और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया।

स्थिति को देखते हुए गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ जारी है। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि 72 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। वहीं, मृतक के परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Related Articles

नवीनतम लेख