27.3 C
Kolkata
Saturday, August 1, 2026

पाक गृह मंत्री मोहसिन नकवी का बड़ा बयान, बोले- ‘मौजूदा शासन व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है’

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने देश की मौजूदा शासन व्यवस्था पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा है कि वर्तमान सिस्टम पूरी तरह विफल हो चुका है और इसमें बुनियादी बदलाव के बिना देश की समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने यह बयान इस्लामाबाद में आयोजित पाकिस्तान इकोनॉमिक समिट 2026 के दौरान दिया।

नकवी ने कहा, “मानो या न मानो, जिस सिस्टम के तहत हम चल रहे हैं, वह ढह चुका है। अगर इसी व्यवस्था को जारी रखा गया तो अगले 10 वर्षों में भी देश की समस्याएं जस की तस रहेंगी।” उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से राष्ट्रीय हित में मतभेद भुलाकर व्यापक प्रशासनिक सुधारों पर सहमति बनाने की अपील की।

गृह मंत्री ने देश में अधिक प्रशासनिक इकाइयों या नए प्रांतों के गठन की वकालत करते हुए कहा कि सत्ता का विकेंद्रीकरण समय की जरूरत है। उनके अनुसार, मौजूदा प्रशासनिक ढांचा युवाओं को रोजगार, समय पर न्याय और बेहतर सार्वजनिक सेवाएं देने में सक्षम नहीं है।

नकवी ने यह भी कहा कि केवल आर्थिक सहायता या योजनाएं पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि पाकिस्तान की संरचनात्मक समस्याओं का समाधान करना होगा। उन्होंने व्यापारिक समुदाय और राजनीतिक नेतृत्व से शासन व्यवस्था में सुधार के लिए मिलकर काम करने की अपील की।

Related Articles

नवीनतम लेख