29 C
Kolkata
Saturday, April 18, 2026

मऊ–छपरा पैसेंजर में दो शराब तस्कर गिरफ्तार, 16 लीटर देसी शराब बरामद

सीवान।रेलवे सुरक्षा बल की टास्क टीम ने सीवान में बड़ी कार्रवाई करते हुए मऊ–छपरा पैसेंजर ट्रेन से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 16 लीटर देसी शराब बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के निर्देश पर निरीक्षक सीआईबी छपरा तथा आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व में सोमवार को टास्क टीम द्वारा अभियान चलाया गया। इसी दौरान गाड़ी संख्या 55102 मऊ–छपरा पैसेंजर के साधारण कोच संख्या 141065 में मैरवा और जीरादेई स्टेशन के बीच संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी।

जांच के दौरान दो व्यक्तियों को प्लास्टिक के झोले में देसी शराब ले जाते हुए पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से “बंटी बबली लाइम” ब्रांड की 200 एमएल की 80 बोतलें बरामद हुईं। बरामद शराब की कुल मात्रा 16 लीटर तथा अनुमानित कीमत 4400 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार तस्करों सीवान जिले के जामो बाजार थाने के जगरनाथ पुर निवासी झगरू महतो एवं गोपालगंज जिले के बरौली थाने के नवादा वार्ड 4 निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई है ।

आरपीएफ ने जब्त शराब और दोनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी सीवान को सुपुर्द कर दिया। इस मामले में अपराध संख्या 41/26 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा 30(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस कार्रवाई में टास्क टीम के सऊनि शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल विजय यादव, कांस्टेबल अमरेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रामसूरत यादव तथा कांस्टेबल शिव अवतार प्रसाद शामिल रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख