गढ़वा | जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत महुलिया पंचायत में बुधवार रात तेज रफ्तार और अवैध खनन के गठजोड़ ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। बालू लदे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को बुरी तरह कुचल दिया। इस भीषण हादसे में राहुल चौधरी और नंदलाल राम की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
गलत दिशा से काल बनकर आया ट्रैक्टर, महुलिया स्कूल के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, महुलिया निवासी राहुल और नंदलाल स्कूल के पास अपनी मोटरसाइकिल के साथ खड़े थे। इसी दौरान गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। राहुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नंदलाल ने अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है।
परिजनों में मचा कोहराम, झामुमो नेता जवाहर पासवान ने बंधाया ढांढस
इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। गुरुवार को झामुमो नेता जवाहर पासवान ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध बालू ढुलाई के कारण क्षेत्र में आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं, जिस पर लगाम लगाना बेहद जरूरी है।

