पश्चिमी सिंहभूम | जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र स्थित देवगांव में गुरुवार तड़के एक हृदयविदारक घटना घटी। अपने मामा के घर आए रामचंद्रपुर निवासी गंगा तांती की 11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सुबह करीब 5 बजे की है, जब बाहर सो रहा युवक अचानक पास ही स्थित बिजली के ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। करंट इतना शक्तिशाली था कि युवक मौके पर ही ट्रांसफार्मर से चिपक गया।
मानसिक रूप से अस्वस्थ था युवक, पत्नी के साथ मामा के घर आया था मेहमान
मृतक के बड़े भाई जुगल तांती ने बताया कि गंगा और उसकी पत्नी दोनों का मानसिक उपचार चल रहा था। बुधवार को ही दोनों देवगांव अपने मामा बाबू तांती के यहाँ आए थे। घर में जगह की कमी के कारण पत्नी अंदर और गंगा बाहर सोया हुआ था। सुबह अचानक उसकी स्थिति बिगड़ी और वह अनियंत्रित होकर सीधे ट्रांसफार्मर की ओर चला गया। बिजली विभाग ने लाइन काटकर शव को नीचे उतारा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच में जुटी चक्रधरपुर पुलिस
चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हालांकि प्रारंभिक जांच में इसे मानसिक अस्वस्थता के कारण हुआ हादसा माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

