27.2 C
Kolkata
Wednesday, July 22, 2026

भारतीय युवक संघ ने बकरी बाजार में दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण का किया शुभारंभ

रांची। भारतीय युवक संघ, बकरी बाजार परिसर में आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 68 वर्षों से भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन कर रहा भारतीय युवक संघ इस वर्ष भी विशाल और आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण करेगा। बुधवार को बकरी बाजार परिसर में विधिवत भूमि पूजन और स्तंभ पूजन के साथ पंडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।

भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ पंडाल निर्माण

संघ के सचिव रवि रोहतगी ने पूजा स्थल पर स्तंभ पूजन एवं भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस अवसर पर आचार्यों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान का आह्वान किया।

संघ के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। पंडाल की थीम एक विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहर पर आधारित होगी। उन्होंने कहा कि पंडाल को इतना विशाल बनाया जाएगा कि लाखों श्रद्धालु बिना परेशानी के पंडाल की सुंदरता देखने के साथ मां दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे।

अतिथियों ने दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलको मौजूद रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमहापौर नीरज कुमार और वार्ड पार्षद सुनील यादव भी उपस्थित थे।

महापौर रोशनी खलको ने कहा कि भारतीय युवक संघ वर्षों से संस्कृति और धर्म की परंपराओं को संजोने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था अपने भव्य पंडालों के माध्यम से हर वर्ष धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को लोगों के सामने प्रस्तुत करती है।

संस्था की ओर से विनोद छापड़िया, राजेश बुधिया और राकेश गोयल ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। संरक्षक शंभू अग्रवाल ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अरविंद चौधरी, अमर पोद्दार, कमल जालान, अमित सोनी, सिद्धांत तोदी, विवेक अग्रवाल, रोहित गोयंका, संजय चौधरी, अमित बजाज, दीपक चौधरी, चंदन चौधरी, पवन लोहिया, सुनील पोद्दार, विवेक पोद्दार, पंकज चौधरी, सचिन मोतीका, अनीश सरावगी, अशोक लाठ, आशीष अग्रवाल, प्रथम धेलिया, देवेश झा सहित संस्था के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख