27.2 C
Kolkata
Wednesday, July 22, 2026

पटना में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, कई घायल

पटना। राजधानी पटना में बुधवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम के बाहर भाजपा के विरोध प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला नोकझोंक से बढ़कर लाठी-डंडे चलने और पथराव तक पहुंच गया। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान बिगड़ी स्थिति

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो बाद में झड़प में बदल गई। परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि प्रशासन की ओर से घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को अलग कराया। एहतियात के तौर पर कांग्रेस कार्यालय और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

भाजपा और कांग्रेस ने लगाए आरोप

भाजपा ने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च किए जाने के विरोध में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा था। पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस कार्यालय की ओर से भाजपा कार्यकर्ताओं पर ईंट-पत्थर फेंके गए, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए और कुछ को इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।

वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नदीम अख्तर अंसारी ने आरोप लगाया कि भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सुनियोजित तरीके से कांग्रेस कार्यालय में प्रवेश करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, जिसके बाद झड़प हुई। कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्यालय में तोड़फोड़ की कोशिश करने का आरोप लगाया।

पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख